कोविड के 475 नए मामले दर्ज, मुंबई में कोराना वायरस के जेएन.1 सब-वैरिएंट के मिले 19 मरीज

कोविड के 475 नए मामले दर्ज, मुंबई में कोराना वायरस के जेएन.1 सब-वैरिएंट के मिले 19 मरीज

नई दिल्ली। भारत में कोरोना के मामले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे है। मंगलवार को देश में कोविड के 475 नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, एक्टिव मामलों की संख्या 3,919 है।

सुबह 8 बजे अपडेट किए गए स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे में कोरोना से 6 मौतें हुई हैं। इसमें कर्नाटक से तीन, छत्तीसगढ़ से दो और असम से एक मौत शामिल है। बता दें कि नए वैरिएंट के उभरने और ठंड के मौसम की स्थिति के बाद मामले और भी बढ़ने लगे है।

JN.1 वैरिएंट कितना खतरनाक?

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 5 दिसंबर के बाद 31 दिसंबर, 2023 को कोविड के 841 नए मामले सामने आए। कुल एक्टिव मामलों में से, लगभग 92 प्रतिशत होम आइसोलेशन में रहते हुए ही ठीक हो गए। सूत्रों ने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि JN.1 वैरिएंट न तो नए मामलों में तेजी से वृद्धि कर रहा है और न ही अस्पताल में भर्ती होने और मृत्यु दर में वृद्धि कर रहा है।

मुंबई में 19 लोग कोरोना पॉजिटिव 

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि मुंबई में कोराना वायरस के जेएन.1 सब-वैरिएंट के 19 मरीज मिले हैं। बीएमसी के कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी दक्षा शाह ने पीटीआई को बताया कि होल जीनोम सीक्वेंसिंग (डब्ल्यूजीएस) विश्लेषण में जेएन.1 सबवेरिएंट के लिए पॉजिटिव पाए गए 22 नमूनों में से 19 मुंबई से थे। नगर निकाय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, ये नमूने पिछले महीने परीक्षण के लिए भेजे गए थे और रिपोर्ट सोमवार को आई।

भारत में आई कोरोना की 3 लहरें

भारत में COVID-19 की तीन लहरें आई, जिसमें अप्रैल-जून 2021 में डेल्टा लहर के दौरान डेली नए मामलों और मौतों की चरम घटनाएं दर्ज की गईं। 7 मई, 2021 को 4,14,188 नए मामले और 3,915 मौतें दर्ज की गईं। 2020 की शुरुआत में महामारी शुरू होने के बाद से देश भर में 4.5 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.3 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 4.4 करोड़ से अधिक है, जिसकी राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.81 प्रतिशत है। वेबसाइट के मुताबिक, देश में अब तक कोविड टीकों की 220.67 करोड़ खुराकें लगाई जा चुकी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *