दिल्ली सीएम की गिरफ्तारी के विरोध में AAP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन; हिरासत में लिए गए

दिल्ली सीएम की गिरफ्तारी के विरोध में AAP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन; हिरासत में लिए गए

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आज मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।

हिरासत में लिए गए आप नेता व कार्यकर्ता

आप कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लेटकर चक्का जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान आप कार्यकर्ता केजरीवाल को रिहा करो… केजरीवाल को रिहा करो के नारे लगा रहे हैं। मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला भी पहुंची हैं।

विधायक और नई दिल्ली लोकसभा सीट से प्रत्याशी सोमनाथ भारती को भी हिरासत में लिया गया है। बता दें कि आप के नेता व कार्यकर्ताओं ने आज सीएम की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने का एलान किया है।

केजरीवाल के इस्तीफे की मांग लेकर भाजपा का प्रदर्शन

उधर, केजरीवाल ने गिरफ्तारी के बाद भी पद छोड़ने से मना कर दिया है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि केजरीवाल जेल से सरकार चलाएंगे। वह तर्क दे रहे हैं कि कानून में किसी आरोप में गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की बात नहीं है। वहीं, भाजपा उनके इस्तीफे की मांग कर रही है।

पार्टी के नेता व कार्यकर्ता आज मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोजशाह कोटला) से दिल्ली सचिवालय तक रोष मार्च निकालकर केजरीवाल के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के नेताओं में नहीं बची नैतिकता- भाजपा

इस संबंध में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा अन्य नेताओं का कहना है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं में नैतिकता नहीं बची है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री आबकारी नीति घोटाले के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद भी पद नहीं छोड़ रहे हैं। भाजपा उनके इस्तीफे के लिए आंदोलन तेज करेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के संघर्ष के कारण आबकारी घोटाले की जांच सीबीआइ और ईडी को सौंपी गई। इस मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व सांसद संजय सिंह जेल में हैं।

सिसोदिया को अपना पद छोड़ना पड़ा। केजरीवाल को भी पद छोड़ना पड़ेगा। उनके इस्तीफे को लेकर पार्टी राजघाट पर प्रदर्शन कर चुकी है। उसी कड़ी में मंगलवार को रोष मार्च निकाला जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर अभियान चल रहा है। उनके इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *