दिल्ली-NCR गैस चेंबर में तब्दील! जहरीली हवा में सांस लेना भी दूभर; प्राइमरी स्कूल 2 दिनों के लिए बंद

दिल्ली-NCR गैस चेंबर में तब्दील! जहरीली हवा में सांस लेना भी दूभर; प्राइमरी स्कूल 2 दिनों के लिए बंद

दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण से अब सांसों पर संकट आ गया है। हर सांस के साथ दिल्लीवाले पूरे दिन में 40-50 सिगरेट के बराबर धुआं फेफड़ों तक पहुंचा रहे हैं। गैस चेंबर में तब्दील हो चुकी दिल्ली ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बाहर क्या अब तो लोगों को घरों में भी सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन का सामना करना पड़ रहा है।

दीपावाली में 9 दिन बचे हैं, लेकिन दिल्ली-एनसीआर की हवा अभी से दमघोंटू हो गई है और सभी शहर रेड जोन में पहुंच गए हैं। इस सीजन में दिल्ली के एक्यूआई ने 800 का आंकड़ा भी पार कर दिया है। सुबह-सुबह जहां लोधी रोड का एक्यूआई 500 के पार पहुंच गया, वहीं सुबह 10 बजे के आसपास आनंद विहार का एक्यूआई 865 मापा गया। वहीं नोएडा सेक्टर-62 का वायु गुणवत्ता सूचकांक 558 दर्ज किया गया।

दिल्ली में लगातार बढ़ रहे सांस के मरीज

राजधानी में बढ़ते प्रदूषण की वजह से अस्पतालों में सांस संबंधी रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी चेस्ट अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ग्लैडबिन त्यागी ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में जहां 150 मरीज अधिकतर टीबी के आते थे, अब प्रदूषण बढ़ने से उनकी संख्या 225 तक पहुंच गई है। पिछले तीन दिनों से सूखी खांसी, आंखों में जलन, सांस संबंधी रोग, अस्थमा, आंखों से पानी आना जैसे रोगों के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं।

3 Nov 202311:39:49 AM

गोपाल राय ने आज दोपहर 12 बजे बुलाई बैठक

 दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, दिल्ली में हवा की गति बेहद कम है और तापमान भी कम होता जा रहा है। यही सब देखते हुए ग्रेप-3 के प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। हमने सभी संबंधित विभागों की बैठक आज 12 बजे बुलाई है। हम यह देख रहे हैं कि नीतियां भले ही बनाई जा रही हों लेकिन उनका ठीक से पालन नहीं हो रहा। यह एक बड़ी चुनौती है।

3 Nov 202311:34:04 AM

अगले 15 दिन दिल्ली के लिए क्रिटिकल : गोपाल राय

 दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि हम लगातार नीतियों पर काम कर रहे हैं। पिछले साल हमने 13-14 हॉटस्पॉट चिन्हित किए थे जहां लगातार प्रदूषण बढ़ रहा था। अब उनके नंबर 4-5 रह गए हैं। पूरी उत्तर भारत में ही इस प्रकार का एक्यूआई है। अगले 15 दिन दिल्ली के लिए बहुत चिंताजनक हैं।

3 Nov 202311:03:51 AM

केजरीवाल सरकार ने प्रदूषण रोकने के लिए कुछ नहीं किया- शहजाद पूनावाला

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली के प्रदूषण को लेकर कहा है कि अरविंद केजरीवाल के राज में दिल्ली गैस चेंबर बन गई है। उन्होंने यह निश्चित किया है कि बीते चार-पांच साल से एक्यूआई अपने उच्चतम स्तर पर रहे। उन्होंने प्रदूषण से निपटने के लिए कुछ नहीं किया। वह पहले पंजाब में पराली जलने को प्रदूषण के लिए कोसते थे। अब पंजाब में उनकी ही सरकार है लेकिन पंजाब में पराली जलने की घटनाएं बढ़ गईं हैं। उनकी सरकार अब केंद्र, यूपी और हरियाणा की सरकार को कोसेगी। आज दिल्लीवाले अगर सांस लेते हैं तो वह घातक है।

3 Nov 202310:50:14 AM

नेताजी सुभाष प्लेस के आसपास छाया घना स्मॉग

 बाहरी दिल्ली में भी इस वक्त हवा बेहद खराब स्थिति में है। नेताजी सुभाष प्लेस के पास रिंग रोड पर घना स्मॉग छाया हुआ है और उसी के बीच से वाहन गुजर रहे हैं। यह तस्वीर सुबह 10 बजे के बाद की है।

3 Nov 202310:45:20 AM

865 दर्ज हुआ आनंद विहार का एक्यूआई

 दिल्ली के आनंद विहार का एक्यूआई आज सुबह करीब 10 बजे 865 दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता का यह स्तर अपने आप में बेहद खतरनाक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *