मिज़ोरम: पत्थर की खदान धंसने की घटना में 10 लोगों की मौत, कई लापता

आइजोल। मिजोरम के आइजोल जिले में मंगलवार सुबह लगातार बारिश के बीच एक पत्थर की खदान ढह जाने से 10 लोगों की मौत हो गई, जब‍कि कई अन्य लापता हैं।

उन्होंने बताया कि यह घटना आइजोल शहर के दक्षिणी बाहरी इलाके में मेल्थम और ह्लिमेन के बीच के इलाके में सुबह करीब छह बजे हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10 शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि कई अन्य अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं।

बारिश के कारण बचाव अभियान हो रहा प्रभावित

उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण राज्य में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। हुनथर में राष्ट्रीय राजमार्ग 6 पर भूस्खलन के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से कट गया है।

बंद रहेंगे स्‍कूल

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, कई अंतर-राज्य राजमार्ग भी भूस्खलन से बाधित हुए हैं। बारिश के कारण, सभी स्कूल बंद कर दिए गए और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *