एक सप्ताह से भीषण गर्मी और लू का सामना कर रहे प्रयागराज में 20 जून के बाद राहत दौर शुरू होगा। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर मैप जारी किया है। इसके अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून 20 जून को दस्तक दे देगा।
भीषण गर्मी की से राहत पाने के लिए लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, पर अभी एक सप्ताह तक उनको गर्मी झेलनी होगी। मंगलवार तक हीट वेव चलेगी। इसके बाद 17 जून तक आसमान साफ रहने की वजह से तपिश का दौर जारी रहेगा।
प्रदेश में झांसी और प्रयागराज पिछले चार दिनों से लगातार सबसे गर्म जिले बने हुए हैं। झांसी में रविवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री और प्रयागराज में 44.3 डिग्री सेल्सियस था। प्रचंड गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। दिन में तो लोग गर्मी से जूझ ही रहे हैं। रात का तापमान बढ़ने से लोग सही से नींद भी नहीं ले पा रहे हैं।
सोमवार सुबह आठ बजे से ही गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गई थी। दस बजे के बाद गर्म हवाओं के थपेड़े पड़ने शुरू हो गए हैं। गर्मी ऐसी की सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हो रही है। कूलर और पंखे भी लोगों को आराम नहीं दिला पा रहे हैं। मौसम विभाग की माने तो अभी गर्मी से 17 जून तक राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही।
13 जून तक लू चलेगी और इसकी वजह से रात का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के प्रोफेसर ए आर सिद्दीकी ने बताया केरल में मानसूनी बारिश शुरू होने के साथ ही अब पूर्वोत्तर राज्यों में भी झमाझम बारिश हो रही है। बिहार में 15 जून को और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 जून के बाद मानसून पहुंच सकता है।
