बहराइच में तनाव बरकरार, जगह- जगह ग्रामीणों ने की आगजनी, शव के अंतिम संस्कार से इनकार

बहराइच में तनाव बरकरार, जगह- जगह ग्रामीणों ने की आगजनी, शव के अंतिम संस्कार से इनकार

बहराइच। बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के महराजगंज में रविवार की देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा पर पथराव व गोलीबारी के बाद तनाव बरकरार है। शांति-व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। गोलीकांड में मारे गए युवक का शव सोमवार की भोर गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। यहां भी घटना को लेकर लोग आक्रोशित दिखे। गांव गए तहसीलदार को सभी ने खदेड़ दिया। परिवारजन के साथ हजारों की संख्या में लोग शव लेकर तहसील परिसर की ओर चल दिए। ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। महराजगंज कस्बे सन्नाटा पसरा है। सन्नाटे को चीरती बूटों की धमक सुनाई पड़ रही है।

रामगांव थाना क्षेत्र के रेहुआ मंसूर गांव से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस हरदी थाना क्षेत्र के महाराजगंज बाजार में रविवार को पहुंचा था। धार्मिक स्थल के सामने डीजे बजाने पर समुदाय विशेष के लोगों ने रेहुआ मंसूर गांव निवासी 22 वर्षीय रामगोपाल मिश्र की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे आक्रोश फैल गया।

इसके विरोध में प्रदर्शन के साथ आगजनी और पथराव हुआ था। हरदी पुलिस ने विरोध कर रहे बहुसंख्यक समाज के लोगों पर ही जमकर लाठियां भांजी। कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद बाद भोर में शव घर पहुंचा। यहां तहसीलदार को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। बवाल के बाद पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेना शुरू किया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है। अधिकारियों से वार्ता चल रही है।

शव गांव पहुंचने के बाद बढ़ा आक्रोश

सोमवार की जब युवक राम गोपाल मिश्र का शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। लोग आक्रोशित हो उठे। हजारों की संख्या में आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। परिवारजन के साथ हजारों की संख्या में लोग शव को लेकर तहसील परिसर की ओर चल दिए। ग्रामीण अपराधियों को फांसी देने और घर पर बुलडोजर की कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।

विधायक के समझाने के बाद हुआ प्रतिमा विसर्जन

देर रात विधायक सुरेश्वर सिंह ने मौके पर पहुंच प्रतिमा विसर्जन से जुड़े पदाधिकारियों को समझाया। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग विसर्जन के लिए राजी हुए। सोमवार सुबह छह से आठ बजे के बीच मूर्तियों का विसर्जन किया गया। बवाल के बाद लोग मूर्तियों को लेकर अपने घरों की ओर लौट गए थे।

एसओ व चौकी इंचार्ज किए गए निलंबित

प्रतिमा यात्रा पर पथराव से उपजे बवाल के बाद पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ल ने हरदी थानाध्यक्ष सुरेश कुमार वर्मा व महसी तहसील चौकी प्रभारी शिवकुमार सरोज को निलंबित कर दिया। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। प्रतिमा यात्रा में शामिल लोगों का कहना है कि पुलिस ने लोगों को समझाने की जगह यात्रा में शामिल लोगों पर ही लाठी भांजना शुरू कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *