बंगाल में आज 12 घंटे सब ठप- बंगाल में सड़क पर उतरे BJP कार्यकर्ता

बंगाल में आज 12 घंटे सब ठप- बंगाल में सड़क पर उतरे BJP कार्यकर्ता

 नई दिल्ली। बंगाल में आज 12 घंटे सब ठप रहने वाला है। भापजा ने बंगाल बंद बुलाया है और ममता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की बात कही है। दरअसल, छात्रों ने बीते दिन कोलकाता में राज्य सचिवालय तक ‘नबन्ना अभिजान’ चलाया था। इस दौरान हुई पुलिस की बलपूर्वक कार्रवाई के विरोध में आज भाजपा ने बंगाल में हड़ताल की है।

12 घंटे का बंद

भाजपा ने आज सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंगाल बंद की घोषणा की है। प्रदर्शनकारी 9 अगस्त को कोलकाता में सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक डॉक्टर के कथित बलात्कार-हत्या मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करने के लिए ‘नबन्ना’ पहुंचने का प्रयास कर रहे थे।

इसी दौरान उन प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। भाजपा का कहना है कि ये प्रदर्शन शांतिपूर्ण हो रहा था, लेकिन प्रदर्शनकारियों पर बिना बात के बलपूर्वक कार्रवाई हुई।

बंगाल में अब तक क्या हुआ- 10 प्वाइंट

  1. आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला ट्रेनी डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के खिलाफ मंगलवार को कोलकाता और हावड़ा के विभिन्न हिस्सों में कई छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया।
  2. इस प्रदर्शन में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें देखने को मिली। दरअसल, प्रदर्शनकारियों ने पश्चिम बंगाल सचिवालय ‘नबन्ना’ की ओर मार्च करने के लिए बैरिकेड्स कूदकर जाने का प्रयास किया था।
  3. भाजपा ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध करने के लिए आज बंगाल बंद की घोषणा की है। भाजपा के हड़ताल के   आह्वान को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अराजकता पैदा करने की कोशिश करार दिया है।
  4. भाजपा ने व्यापारिक संगठनों से बंद के दौरान बाजार बंद रखने का अनुरोध किया है। हालांकि, बाजार समितियों की ओर से बंद के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बाधित होने की आशंका है। आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। बंद के बावजूद सरकारी कार्यालय, बैंक, स्कूल और कॉलेज खुले रहने की उम्मीद है।
  5. पुलिस ने नबन्ना अभिजन रैली के सिलसिले में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
  6. बीते दिन हुई झड़पों में 29 पुलिसकर्मी घायल हो गए। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पश्चिम बंग छात्र समाज के 126 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
  7. बीते दिन कोलकाता पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। वहीं, आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पत्थर फेंके और राज्य सचिवालय तक जाने के लिए बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया था।
  8. पुलिस की कार्रवाई तब शुरू हुई जब भाजपा समर्थकों ने लाल बाजार में प्रवेश करने के लिए पुलिस बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया।
  9. मार्च का नेतृत्व कर रहे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार आंसूगैस के संपर्क में आने के बाद बीमार पड़ गए और बाद में घटनास्थल से चले गए।
  10. ममता अपराधियों के साथ- उधर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि कोलकाता से पुलिस की मनमानी की तस्वीरों ने हर उस व्यक्ति को नाराज कर दिया है जो लोकतांत्रिक सिद्धांतों को महत्व देता है। दीदी के पश्चिम बंगाल में बलात्कारियों और अपराधियों की मदद करना मूल्यवान है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा के लिए बोलना अपराध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *